लखनऊ में उमड़े ‘कॉकरोच’, पेपर लीक को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन, नारेबाजी, शिक्षामंत्री का मांगा इस्तीफा

लखनऊ में उमड़े 'कॉकरोच', पेपर लीक को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के ईको गार्डेन में शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में युवाओं ने पेपर लीक और परीक्षाओं में हो रही अनियमितता को लेकर प्रदर्शन किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में युवा एकत्रित हुए। युवाओं ने प्रदर्शन करते हुए नीट पेपरलीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं, प्रदर्शन को देखते हुए ईको गार्डेन और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुलिस बल व आरएएफ की टीमों की तैनाती की गई थी। लखनऊ आगमन पर सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि हम शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे। इसके पहले सीजेपी के नेतृत्व में दिल्ली के जंतर मंतर और पुणे में प्रदर्शन किया। लखनऊ के बाद अमृतसर और बेंगलुरु में प्रदर्शन किया जाएगा, इसके बाद 20 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन होगा। युवा-आधारित आंदोलन का यह प्रदर्शन दिल्ली से शुरू हुए देशव्यापी आंदोलन का हिस्सा है, जो राज्य की राजधानी में इको गार्डन में आयोजित हुआ है। प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने राज्य में अलग-अलग परीक्षाओं में सामने आई अनियमितता का मुद्दा उठाया और सरकार से जवाब मांगा। प्रदर्शन को लेकर प्रशासन ने पहले से ही तैयारियां कर ली थीं। ईको गार्डेन और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ ही रैपिड एक्शन फोर्स की भी तैनाती की गई थी। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग भी कर रखी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *