थाने में 35 हजार रुपये घूस लेते सिपाही गिरफ्तार

थाने में 35 हजार रुपये घूस लेते सिपाही गिरफ्तार

शाहजहांपुर । शाहजहांपुर के जैतीपुर थाने में तैनात सिपाही विवेक कुमार को एंटी करप्शन टीम ने 35 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर के नाम पर सिपाही ने विवेचना निस्तारण के नाम पर रुपये लिए थे। आरोपी के खिलाफ गढ़िया रंगीन थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। वर्ष 2024 में जैतीपुर के गांव नौगवां गोविंद के पास सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने हादसे की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। तब मृतक के परिजनों ने आईजी-डीआईजी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। उसके बाद शक के आधार पर पुलिस ने कुछ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। एंटी करप्शन टीम के प्रभारी के अनुसार, शिकायतकर्ता बरेली जिले के थाना सुभाषनगर की रघु वाटिका कॉलोनी निवासी सुधांशु कुमार शर्मा से हत्या की धारा में दर्ज मुकदमे की विवेचना के निस्तारण के नाम पर 35 हजार रुपये की मांग की गई थी। इसके बाद सुधांशु ने एंटी करप्शन टीम से संपर्क साधा। मामले की शिकायत की। बृहस्पतिवार को दोपहर में सुधांशु ने सिपाही विवेक को 35 हजार रुपये थाना परिसर में दिए। उसी दौरान विवेक को एंटी करप्शन टीम ने दबोच लिया। टीम उन्हें लेकर गढ़िया रंगीन थाने ले आई। पूछताछ में पता चला है कि सिपाही ने इंस्पेक्टर के नाम पर रिश्वत ली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *