मोदी सरकार के 12 साल पर आयोजन : भाजपा अध्यक्ष बोले- आम जनता विकास में भागीदार बनी

मोदी सरकार के 12 साल पर आयोजन

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन में आयोजित प्रदर्शनी का उद्धाटन किया। इस अवसर पर प्रदर्शनी के माध्यम से मोदी सरकार की उपलब्धियों का प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को लेकर एक्स पर कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत की नारी शक्ति सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और नेतृत्व के नए शिखर तक पहुंची है। ‘महिला विकास’ से ‘महिला नेतृत्व वाले विकास’ की यह यात्रा ‘विकसित भारत’ के संकल्प की सबसे बड़ी शक्ति बनकर उभरी है। जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना जैसी पहलों ने करोड़ों माताओं-बहनों के जीवन को सुविधा, सुरक्षा और गरिमा से जोड़ा है। वहीं, जन-धन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा स्वयं सहायता समूहों के सशक्त नेटवर्क ने महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तीकरण का नया आधार प्रदान किया है। ‘लखपति दीदी’ अभियान ने महिलाओं के आत्मविश्वास, उद्यमिता और आर्थिक सशक्तीकरण को नई पहचान दी है। आज भारत की नारी केवल परिवार की शक्ति नहीं, बल्कि राष्ट्र की प्रगति की प्रेरक शक्ति बनकर उभरी है। रक्षा से लेकर अनुसंधान, उद्यमिता से लेकर विमानन तक भारत की बेटियां नए प्रतिमान गढ़ रही हैं। नारी शक्ति के उत्कर्ष के ये 12 वर्ष ‘नारी सशक्तीकरण से राष्ट्र सशक्तीकरण’ की प्रेरक गाथा हैं। इस अवसर पर प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल ने जनता की सोच और कार्य करने का तरीका बदल दिया है। इस दौरान सरकारी योजनाओं के लीकेज को रोका गया और आम जनता को विकास का भागीदार बनाया गया। उन्होंने कहा कि आम जनता के लिए बैंक खाते खोले गए जिससे लीकेज खत्म हुआ। जनता को मिलने वाली योजनाओं का लाभ सीधे उनके खाते में जा रहा है। मोदी सरकार नागरिक देवो भव की भावना से काम कर रही है। वहीं सीएम शाम को पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी जाकर गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में होने वाले कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। वह शहरी आजीविका मिशन, उद्योग विभाग समेत विभिन्न विभागों की योजना के लाभार्थियों को भी सम्मानित करेंगे। यहां एक जनपद-एक व्यंजन समेत अनेक विभागों के स्टॉल भी लगेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *