आज से नोएडा, ग्रेनो में दौड़ेंगी सिटी बसें, जानें पूरा रूट; बॉटनिकल से 50 रुपये में एयरपोर्ट तक का सफर

आज से नोएडा, ग्रेनो में दौड़ेंगी सिटी बसें

नई दिल्ली। इंतजार खत्म। आज से सिटी बसें नोएडा, ग्रेनो और यमुना सिटी में दौड़ने लगेंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से वर्चुअली 45 बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। यहां तीनों प्राधिकरण अपना अलग-अलग कार्यक्रम करेंगे। ई-बसों का न्यूनतम किराया 20 और अधिकतम 50 रुपये होगा। यानी 50 रुपये में आप बॉटनिकल गार्डन, ग्रेनो वेस्ट या परी चौक से नोएडा एयरपोर्ट तक पहुंच जाएंगे। यूपीएसआरटीसी के एमडी प्रभु एन सिंह ने बताया कि कुल 45 बसों का संचालन शुक्रवार से शुरू होगा। इसमें लखनऊ से 11 बस सीएम खुद रवाना कर रहे हैं।बृहस्पतिवार को तैयारियों के लिए बैठक हुई। प्रयास है कि 15 जून से बसों की संख्या बढ़ा दी जाए। शुक्रवार को यमुना प्राधिकरण का कार्यक्रम सेक्टर-28 स्थित मेडिकल डिवाइस पार्क में होगा। ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने बताया कि ग्रेटर नोएडा को 11 बसें मिली हैं। कार्यक्रम में दादरी विधायक तेजपाल नागर हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। तीनों प्राधिकरण और यूपी रोडवेज के बीच बनी सहमति के मुताबिक न्यूनतम किराया 20 रुपये और अधिकतम 50 तय किया गया है। किराये के अभी तीन स्लैब बनाए गए हैं। हालांकि डीटीसी बसों के रूट पर नोएडा के जो इलाके पड़ते हैं उन पर यात्रियों को न्यूनतम किराया (एसी बसों का) 10 और अधिकतम 25 रुपये देना पड़ता है। नोएडा प्राधिकरण के जीएम एसपी सिंह ने बताया कि नोएडा में सेक्टर-33ए स्थित शिल्प हाट में कार्यक्रम होगा जिसमें अतिथि सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र सिंह नागर, विधायक पंकज सिंह, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह आदि होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *