काल बनकर दौड़ी बसः कार को सामने से टक्कर मारने के बाद खंती में पलटी बस, कार सवार पांच की मौत

काल बनकर दौड़ी बसः कार को सामने से टक्कर मारने के बाद खंती में पलटी बस, कार सवार पांच की मौत

उन्नाव। उन्नाव जिले के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर देवखरी गांव के पास बुधवार सुबह करीब पांच बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। इसमें स्लीपर बस की टक्कर से संतकबीरनगर के रजिस्ट्रेशन नंबर की कार में सवार एक महिला, दो बच्चों सहित पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं, डिवाइडर की ग्रिल तोड़ने हुए दूसरी लेन में पलटी बस में सवार 17 यात्री घायल हो गए। बस में कुल 85 यात्री सवार थे। पुलिस व यूपीडा की रेस्क्यू टीम ने घायलों को अस्पताल भेजा और मृतकों की पहचान कराने के प्रयास कर रही है। कार में आठ लोग सवार थे। अलीगढ़ जिले के खैरा क्षेत्र निवासी स्लीपर बस चालक मोहित 85 यात्रियों को लेकर हरियाणा से बिहार जा रहा था। सुबह करीब पांच बजे बस देवखरी गांव के पास चालक को झपकी आने से तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई। इस दौरान आगरा की ओर जा रही आर्टिगा कार को सामने से टक्कर मारने के बाद बस खंती में पलट गई। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार करीब 17 यात्री घायल हो गए। यात्रियों ने चालक के नशे में होने का भी आरोप लगाया है। बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी अखिलेश पांडेय ने बताया कि बस चालक को झपकी आने से हादसा होने का अनुमान है, अन्य कारणों की भी जांच हो रही है। साथ ही मृतकों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, कार में कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें पांच की मौत हुई है। वहीं, तीन घायलों को बांगरमऊ सीएचसी से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। मृतकों में दिव्या (13), अमृता (5), अंजू (40), धुनमुन (60) और विनोद (45) कार चालक शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *