उत्तर प्रदेश में ‘हम’ के बिना नहीं बनेगी किसी भी दल की सरकार : रघु मिश्रा

उत्तर प्रदेश में 'हम' के बिना नहीं बनेगी किसी भी दल की सरकार : रघु मिश्रा

पटना के होटल पनाश में आयोजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में बोले उत्तर प्रदेश अध्यक्ष रघु मिश्रा।
​पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने यूपी में विस्तार का दिया आश्वासन, राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का लगेगा लगातार दौरा।

​पटना। ​पटना स्थित होटल पनाश में आयोजित ‘हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर)’ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष रघु मिश्रा ने दमदार और आक्रमक संबोधन दिया। बैठक की शुरुआत में उन्होंने मंच पर उपस्थित पार्टी के मुख्य संरक्षक एवं केंद्रीय MSME मंत्री आदरणीय जीतन राम मांझी, राष्ट्रीय अध्यक्ष सह कैबिनेट मंत्री (बिहार सरकार) डॉ. संतोष कुमार सुमन, बिहार प्रदेश अध्यक्ष पूर्व मंत्री डॉ. अनिल सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री श्याम सुंदर शरण, युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कमाल परवेज, सम्मानित विधायक गण, विभिन्न आयोगों के उपाध्यक्षों एवं कार्यक्रम में आए देश भर के सभी सम्मानित प्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन किया।
​अपने संबोधन के दौरान रघु मिश्रा ने उत्तर प्रदेश के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर अपनी बात रखते हुए कहा कि— “उत्तर प्रदेश की राजनीतिक भूमि इस समय अत्यंत उपजाऊ है। राज्य में लगभग 125 विधानसभा सीटें ऐसी हैं जहाँ ब्राह्मण, मांझी, बिंद और निषाद मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं। यही मतदाता किसी भी दल की जीत की चाबी रखते हैं और यूपी में किसकी सरकार बनेगी, यह तय करते हैं।”
​उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का मांझी, बिंद और निषाद समाज पार्टी के संरक्षक आदरणीय जीतन राम मांझी जी में अटूट आस्था रखता है। अब तक इन वर्गों के नाम पर राजनीति करने वाले नेताओं और दलों ने केवल इन्हें ठगने और छलने का काम किया है। यदि राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन जी की अध्यक्षता में पार्टी उत्तर प्रदेश में मजबूती से चुनाव मैदान में उतरती है, तो ‘हम’ पार्टी के कार्यकर्ता राज्य के उच्च सदन और विधानसभा में अपना प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करेंगे।
​ब्राह्मण समाज का पक्ष रखते हुए श्री मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पारंपरिक राजनीतिक दलों से ब्राह्मण समाज पूरी तरह उपेक्षित और आहत महसूस कर रहा है। अन्य दल केवल ब्राह्मणों का वोट लेते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें सम्मान देने के बजाय अपमानित करते हैं। इसके विपरीत, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के संरक्षक आदरणीय जीतन राम मांझी जी और राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन जी ने एक ब्राह्मण पुत्र पर विश्वास जताकर यूपी की कमान सौंपी है। इससे पूरे प्रदेश के सर्वसामान्य और ब्राह्मण समाज में यह संदेश गया है कि उनका सच्चा सम्मान केवल ‘हम’ पार्टी में ही सुरक्षित है।
​रघु मिश्रा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में किस दल की सरकार बनेगी, इसका फैसला ‘हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर)’ ही करेगी। पार्टी के सक्रिय सहयोग के बिना किसी भी राजनीतिक दल के लिए यूपी में सरकार बनाना संभव नहीं होगा। ​बैठक के अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने उत्तर प्रदेश में संगठन के व्यापक विस्तार की घोषणा की और आश्वस्त किया कि वे स्वयं यूपी का दौरा करेंगे। साथ ही पार्टी के मुख्य संरक्षक एवं केंद्रीय मंत्री आदरणीय जीतन राम मांझी जी के भी निरंतर कार्यक्रम और जनसभाएं उत्तर प्रदेश में आयोजित की जाएंगी, जिससे पार्टी राज्य में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प बनकर उभरेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *