शिव सेवक समिति के अध्यक्ष को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा सम्मानित

कानपुर। पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा में सराहनीय एवं उत्कृष्ट सेवा प्रदान करने के लिए शिव सेवक समिति के अध्यक्ष रत्नेश वर्मा शीलू को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा सम्मानित किया गया। कटरा स्थित श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के श्रीधर हॉल ऑडिटोरियम में आयोजित विशेष कार्यक्रम में यह सम्मान दिया गया। शिव सेवक समिति विगत 5 वर्षों से पवित्र अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं के लिए विशाल एवं निशुल्क भंडारे का आयोजन करती आ रही है, जिसमें लाखों श्रद्धालु बाबा का प्रसाद ग्रहण करते हैं। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने समिति के कार्यों और चाइल्ड केयर सेवाओं की विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने सुझाव दिया कि आगामी यात्राओं में भंडारे के दौरान पारंपरिक गेहूं के अलावा बाजरा व अन्य पौष्टिक खाद्यान्नों को भी शामिल किया जाए। समिति के अध्यक्ष रत्नेश वर्मा शीलू ने उपराज्यपाल के सुझावों का स्वागत करते हुए कहा कि आने वाले वर्ष में इसे और अच्छी तरह से किया जाएगा और यात्रा सेवाओं को और बेहतर बनाया जाएगा। अध्यक्ष रत्नेश वर्मा शीलू ने जानकारी दी कि 3 अक्टूबर को कानपुर स्थित नाना राव पार्क में छड़ी मुबारक का पवित्र प्रसाद वितरित किया जाएगा। इस अवसर पर भव्य भजन संध्या का आयोजन भी होगा, जिसमें पूरा वातावरण बाबा बर्फानी के जयकारों से गुंजायमान रहेगा और नगरवासी भक्तिमय भजनों का आनंद ले सकेंगे। समारोह में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के साथ अमरनाथ श्राइन बोर्ड के सीईओ मंदीप भंडारी, एडिशनल सीईओ राहुल सिंह, डिप्टी सीईओ अजय शर्मा, वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सीईओ सचिन वैश्य डीआईजी जम्मू तथा साइबो भंडारा ऑर्गनाइजेशन के प्रधान राजन कपूर मंच पर उपस्थित रहे। वहीं शिव सेवक समिति की ओर से अध्यक्ष रत्नेश वर्मा शीलू आलोक सचान और जय त्रिपाठी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *