राहुल कुमार
उरई जालौन। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जनपद के करमचंदपुर गांव में विकास व्यवस्था की हकीकत सामने ला दी है। भारी बारिश के बाद गांव के प्राइमरी विद्यालय का परिसर पूरी तरह पानी से भर गया, जिससे स्कूल तालाब में तब्दील होता नजर आया।विद्यालय परिसर में जलभराव के कारण बच्चों और शिक्षकों के लिए आवागमन मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल में बारिश के पानी की निकासी के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बार बारिश के दौरान ऐसी स्थिति पैदा हो जाती है।एक तरफ सरकार द्वारा शिक्षा व्यवस्था और विद्यालयों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर गांव के प्राथमिक विद्यालय में जलनिकासी जैसी बुनियादी व्यवस्था का अभाव सवाल खड़े कर रहा है।ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से विद्यालय परिसर में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
