कानपुर। सनातन वैवाहिक मंच एवं किदवई नगर महिला मंडल के तत्वावधान में दशहरा पर्व के पावन अवसर पर शस्त्र पूजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से शस्त्र पूजन कर किया गया। शस्त्र पूजन के उपरांत धर्म की अधर्म पर विजय के प्रतीक के रूप में 11 फुट के रावण के पुतले का दहन किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी को पान वितरित किए गए और सभी ने चाट बताशे का आनंद लिया।महिला मंडल अध्यक्ष नीलम वीरेंद्र चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि शस्त्र पूजन हमारी सनातन संस्कृति की गौरवशाली परंपरा है। शस्त्र पूजन हमें आत्मरक्षा, नारी शक्ति और राष्ट्र रक्षा के लिए सदैव तैयार रहने की प्रेरणा देता है। दशहरा का पर्व हमें यह सिखाता है कि हमें बुराई का अंत करने के लिए हमेशा संगठित रहना चाहिए।कार्यक्रम के संयोजक वीरेंद्र चौहान ने अपने संबोधन में बताया कि सनातन वैवाहिक मंच लगातार सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को जागरूक करने का कार्य कर रहा है। शस्त्र पूजन केवल पूजा नहीं, बल्कि अपने धर्म और संस्कृति के प्रति संकल्प लेने का दिन है। आज के समय में युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ना बहुत आवश्यक है।प्रमुख वक्ता राम बहादुर सिंह ने कहा कि भगवान श्रीराम ने शस्त्र पूजन के बाद ही लंका पर विजय प्राप्त की थी। हमें भी अपने जीवन में सत्य और धर्म की रक्षा के लिए सदैव तैयार रहना चाहिए।प्रमुख वक्ता पीयूष मिश्रा ने कहा कि दशहरा का पर्व हमें अपने भीतर के अहंकार, क्रोध और बुराई रूपी रावण को जलाने की प्रेरणा देता है।प्रमुख वक्ता रंजन अवधेश सिंह चौहान ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में एकता और संगठन की भावना मजबूत होती है। सनातन संस्कृति को बचाए रखने के लिए हम सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। इस अवसर पर प्रमुख रूप से वीरेंद्र चौहान, नीलम सिंह चौहान, रेनू शुक्ला, मधु मिश्रा, रेनू सिंह, डॉ सुषमा सेंगर, अमित मिश्रा, अमर नाथ सिंह, दीपेंद्र सिंह, गौरव सिंह, सौरभ सिंह, राजेश त्रिपाठी, एडवोकेट आलोक मिश्रा, अवनीश शुक्ला, जोरावर सिंह सेंगर, अर्चना राठौर, रिया, प्रीत कामरा, रीत कामरा, परी द्विवेदी, खुशी सक्सेना, सृष्टि मिश्रा, आशी तिवारी, प्रियंका ठाकुर, प्रियंका दीक्षित, कंचन सक्सेना, रत्ना गुप्ता, मीरा गुप्ता, सुनीता शर्मा, भारती मिश्रा, नीलम, अनुपमा अवस्थी, उर्मिला श्रीवास्तव, संयोगिता तिवारी, रिंकी गुप्ता, प्रियंका सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
दशहरा पर आयोजित हुआ शस्त्र पूजन, असत्य पर सत्य की जीत
