पीटीआई, रियाद। सऊदी अरब के दम्माम हवाई अड्डे पर हुए एक हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। इससे एक दिन पहले, यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा देश के अहम बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों के सिलसिले के बीच, एक अन्य भारतीय नागरिक सऊदी अरब के शायबाह तेल क्षेत्र पर हुए ड्रोन हमले में घायल हो गया था। यह जानकारी अधिकारियों ने गुरुवार को दी। रियाद में भारतीय दूतावास ने बताया कि सऊदी अधिकारियों ने उन्हें बुधवार रात हुए हमले में हताहत हुए लोगों के बारे में जानकारी दी है। दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘कल रात दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में जान गंवाने वाले दो लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल था, और दो अन्य भारतीय नागरिक घायल हुए हैं।’ दूतावास ने कहा कि वे और अधिक जानकारी जुटा रहे हैं और प्रभावित परिवारों से संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मृतकों के परिवारों और उनके प्रियजनों के साथ हैं, और हम घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
सऊदी अरब: एयरपोर्ट पर हमले में एक भारतीय समेत दो लोगों की मौत
