आगरा खण्ड स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्रों का जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण

निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराने के जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक दिए निर्देश

औरैया। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खण्ड स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-2026 के निर्वाचन को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती द्वारा जनपद में निर्धारित मतदान केंद्रों/मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर निर्वाचन से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सर्वोपरि है। सभी निर्वाचन कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता एवं निष्पक्षता के साथ करें, जिससे मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और निर्वाचन कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने निर्धारित दायित्वों के प्रति सजग रहें तथा मतदान से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित बनाए रखें। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता के साथ पालन किया जाए।पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कार्मिकों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता तथा मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनाए रखें, जिससे मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। किसी भी प्रकार की समस्या या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार का व्यवधान न आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *