लखनऊ। सीएम योगी आदित्यनाथ ने ‘भारत रत्न’ सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने प्रदेशवासियों को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ की बधाई दी। कहा कि जिस राष्ट्रीय एकात्मता के लिए लौह पुरुष सरदार पटेल ने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया, उसे अक्षुण्ण बनाए रखना प्रत्येक भारतीय का पावन कर्तव्य है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आधुनिक भारत के शिल्पकार और भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्रीय एकता और अखंडता की मिसाल है। उनका जीवन इस शाश्वत सत्य का संदेश देता है कि किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति उसकी एकता में निहित होती है। एकता का वास्तविक सामर्थ्य ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से आता है। उन्होंने कहा कि मां भारती की सेवा को समर्पित सरदार पटेल का जीवन प्रत्येक भारतीय को ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने की प्रेरणा देता है। सीएम योगी ने अपने संदेश में वर्ष 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों का भी जिक्र किया। कहा कि प्रदेश में तुष्टीकरण, जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति ने समाज को बांटने का काम किया। इससे राष्ट्रीय एकात्मता की भावना कमजोर हुई और सामाजिक समरसता को आघात पहुंचा। सीएम आगे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदलने का काम किया है। सरकार ने ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र को सुशासन का आधार बनाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सुशासन के माध्यम से सामाजिक समरसता को मजबूत किया है। साथ ही सरदार पटेल की अमूल्य विरासत को ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया है। सीएम ने कहा कि राष्ट्रीय एकता केवल एक विचार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के आचरण और जीवन का हिस्सा होनी चाहिए। देश की अखंडता बनाए रखने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। सीएम योगी ने सरदार पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित होने वाली ‘रन फॉर यूनिटी’ को जनभागीदारी का महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने प्रदेशवासियों से इस एकता दौड़ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। कहा कि इस दौड़ में उठाया गया हर कदम देश की अखंडता के प्रति समर्पण और ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ के अटल संकल्प का प्रतीक बनना चाहिए।
राष्ट्रीय एकता दिवस: सीएम योगी ने दिया एकजुटता का संदेश, यूपीवासियों से ‘रन फॉर यूनिटी’ में भाग लेने की अपील
