अमरोहा। अमरोहा में पीईटी में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था में लापरवाही सामने आई है। शहर के जेएस हिंदू इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र के कंट्रोल रूम में लगी दो एलसीडी में से एक खराब मिली। शुक्रवार को डीएम डॉ. नितिन गौड़ और एसपी लखन सिंह यादव के निरीक्षण के दौरान यह खामी सामने आई। मामले को गंभीरता से लेकर केंद्र प्रभारी ने कार्यदायी संस्था के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शुक्रवार को पीईटी परीक्षा का दूसरा दिन था। जिले में परीक्षा के लिए 15 केंद्र बनाए गए हैं। जेएस हिंदू इंटर कॉलेज को केंद्र बनाया गया है। यहां कार्यदायी संस्था की ओर से कक्ष संख्या 10 में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया था। केंद्र के सभी कक्षों और बाहर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम में दो एलसीडी लगाई गई थीं। शुक्रवार सुबह 7:30 बजे स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र अधीक्षक ने कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया था। उस समय दोनों एलसीडी पर सभी कैमरों के दृश्य प्रदर्शित हो रहे थे। पहली पाली में कार्यदायी संस्था का एक कर्मचारी भी कंट्रोल रूम में ड्यूटी पर तैनात था। परीक्षा समाप्त होने से पहले सुबह 11:55 बजे डीएम और एसपी ने केंद्र का निरीक्षण किया तो एक एलसीडी खराब मिली। दूसरी एलसीडी पर ही कैमरों के दृश्य दिखाई दे रहे थे। निरीक्षण के दौरान कंट्रोल रूम में मौजूद कर्मचारी ने अधिकारियों को बताया कि सभी कैमरे काम कर रहे हैं, लेकिन एक बार में केवल 16 कैमरों के दृश्य ही डिस्प्ले पर दिखाई दे रहे हैं। अन्य कैमरों को देखने के लिए बार-बार दृश्य बदलने पड़ रहे हैं। जबकि नियमानुसार सभी कैमरों के दृश्य एक साथ प्रदर्शित होने चाहिए थे। लापरवाही को लेकर डीएम और एसपी ने कड़ी लापरवाही माना। बाद में केंद्र प्रभारी शमीम अहमद, केंद्र अधीक्षक डॉ. जीपी सिंह और स्टेटिक मजिस्ट्रेट अवनीश कुमार श्रीवास्तव की ओर से संयुक्त रूप से कोतवाली में तहरीर देकर कार्यदायी संस्था पर जिम्मेदारी का ठीक से निर्वहन नहीं करने का आरोप लगाया। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
पीईटी केंद्र के कंट्रोल रूम में खराब मिली एलसीडी, डीएम-एसपी के निरीक्षण में खुली लापरवाही, एफआईआर दर्ज
