जिलाधिकारी ने महिला मतदाताओं से लोकतंत्र की मजबूती के लिए मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की।
आनंद कुशवाहा।
औरैया। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के अंतर्गत मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) के तहत जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महिला मतदाताओं को जागरूक करने हेतु विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत का अपना विशेष महत्व है। मतदान केवल एक अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक सशक्त, समावेशी एवं पारदर्शी बनाने के लिए इसमें महिलाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। महिलाएं अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहते हुए स्वयं मतदान करें तथा अपने परिवार, आस-पड़ोस और समाज की अन्य महिलाओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना मतदान करने की पहली और सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। अतः सभी पात्र महिलाएं यह सुनिश्चित करें कि उनका नाम संबंधित विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचक नामावली में दर्ज हो। यदि किसी पात्र महिला का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, अथवा नाम, आयु, पता आदि से संबंधित कोई त्रुटि है, तो निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से आवश्यक संशोधन एवं पंजीकरण अवश्य कराएं। उन्होंने निर्वाचन संबंधी कार्यों में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी निर्देशित किया कि पात्र महिलाओं का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए व्यापक जागरूकता एवं जनसंपर्क गतिविधियां संचालित की जाएं, जिससे कोई भी पात्र महिला मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहें। उक्त अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य, जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार सहित भारी संख्या में महिला मतदाता आदि उपस्थित रहे।
