पीयूष त्रिपाठी
लखनऊ। आज 23 नवंबर है- उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए सबसे गौरवशाली दिन। आज ही के दिन 1952 में उत्तर प्रदेश पुलिस को देश का पहला पुलिस ध्वज मिला था। तब से हर साल 23 नवंबर को पुलिस झंडा दिवस मनाया जाता है। आज सुबह से ही प्रदेश के सभी जिलों में पुलिस लाइन, पुलिस कार्यालय, थानों और चौकियों पर ध्वजारोहण हुआ। पुलिसकर्मियों ने ध्वज को सलामी दी, एक-दूसरे को फ्लैग पिन लगाया और डीजीपी का संदेश पढ़कर सुनाया गया। लखनऊ में डीजीपी राजीव कृष्ण ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आधिकारिक आवास 5, कालीदास मार्ग पर मुख्यमंत्री को पुलिस फ्लैग लगाया। उत्तर प्रदेश पुलिस देश का पहला राज्य पुलिस बल है, जिसे उसके अप्रतिम योगदान के लिए पुलिस ध्वज प्रदान किया गया। 23 नवंबर 1952 को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस कलर व ध्वज प्रदान किया था। उसी दिन पीएसी बल को भी ध्वज मिला था। ध्वज का आकार 4 फीट लंबा और 3 फीट चौड़ा है। इसमें दो रंग हैं- ऊपर लाल रंग और नीचे नीला रंग। लाल रंग शक्ति, साहस और बलिदान का प्रतीक है। नीला रंग निष्ठा, अनुशासन और सेवा भावना का प्रतीक है। यही दोनों रंग यूपी पुलिस की पहचान हैं। डीजीपी राजीव कृष्ण ने सीएम योगी को पुलिस फ्लैग लगाया। सीएम योगी ने एक्स पर लिखा पुलिस झंडा दिवस, कर्तव्यनिष्ठा, वीरता और सेवा-समर्पण की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि पुलिस झंडा दिवस सिर्फ औपचारिकता नहीं होनी चाहिए, बल्कि ये पूरे साल में पुलिस विभाग की प्रगति, सेवा कार्य और अपराध नियंत्रण की समीक्षा का अवसर होना चाहिए। हर जिले में पुलिस लाइन के क्वार्टर गार्ड पर एसपी ने ध्वज फहराकर सलामी दी। इसके बाद सभी क्षेत्राधिकारियों ने अपने कार्यालयों में और थाना प्रभारियों ने अपने-अपने थानों पर ध्वज को सलामी दी। पुलिसकर्मियों ने शपथ ली – कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी और पूर्ण समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे, जनता की सुरक्षा और सेवा को सर्वाेपरि रखेंगे। ये झंडा दिवस 2027 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पड़ रहा है। कल ही सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की बैठक शुरू हो रही है। चुनाव में पुलिस की भूमिका सबसे अहम होती है – निष्पक्ष चुनाव, बॉर्डर सीलिंग, शराब-नकदी पर रोक, संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा। झंडा दिवस पर ली गई शपथ की असली परीक्षा चुनाव में होगी। कल ही रविवार शाम 6 बजे पूरे प्रदेश के 75 जिलों में ब्लैकआउट मॉकड्रिल हुई थी। एयर रेड सायरन 2 मिनट तक बजा था। सीएम योगी ने कहा था – मॉकड्रिल सिर्फ लखनऊ में नहीं, हर जिले में होनी चाहिए। झंडा दिवस के एक दिन पहले हुई मॉकड्रिल ने ये दिखा दिया कि पुलिस सिर्फ अपराध रोकने वाली फोर्स नहीं, बल्कि आपदा में भी सबसे आगे रहने वाली फोर्स है। मुख्यमंत्री ने पुलिस स्मृति दिवस पर कहा था – नए उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं है। 2.26 लाख से अधिक पुलिस भर्तियां, प्रशिक्षण क्षमता में 10 गुना वृद्धि, 7 बड़े शहरों में कमिश्नरेट प्रणाली, हर जिले में साइबर थाना और हर थाने में महिला हेल्प डेस्क – ये सब यूपी पुलिस के बदले हुए चेहरे की गवाही हैं। गैंगस्टर एक्ट के तहत 88,973 अपराधियों पर कार्रवाई और 15 हजार करोड़ से ज्यादा की अवैध संपत्ति जब्ती भी इसी का हिस्सा है।पुलिस झंडा दिवस सिर्फ परेड और सलामी का दिन नहीं है। ये जनता और पुलिस के बीच भरोसे का दिन है। थाने में आने वाली महिला, किसान, व्यापारी और छात्र – सब चाहते हैं कि पुलिस उनकी बात सुने, बिना डर के थ्प्त् लिखे और समय पर कार्रवाई करे। झंडा दिवस पर यही संकल्प दोहराया जाता है। पुलिस स्मृति दिवस 21 अक्टूबर को मनाया जाता है, जिसमें बलिदान देने वाले जवानों को याद किया जाता है। झंडा दिवस उसी परंपरा को आगे बढ़ाता है। पिछले एक साल में देशभर में 154 पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान शहीद हुए, जिनमें यूपी पुलिस के 6 जवान भी शामिल हैं। झंडा दिवस उन शहीदों के परिवारों के प्रति भी कृतज्ञता का दिन है। चुनाव में निष्पक्षता बनाए रखना – सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की नजर पुलिस पर रहेगी साइबर अपराध – हर जिले में साइबर थाना तो खुल गया, लेकिन साइबर ठगी के मामले बढ़ रहे हैं। महिला सुरक्षा – महिला हेल्प डेस्क तो हर थाने में है, लेकिन हर थाने में महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी अभी भी चुनौती है।जनता से व्यवहार – वर्दी का डर नहीं, वर्दी का भरोसा चाहिए। यही सबसे बड़ी चुनौती है।74 साल पहले मिला लाल-नीला झंडा आज भी यूपी पुलिस की शान है। लेकिन झंडे की शान सिर्फ ध्वजारोहण से नहीं, बल्कि हर थाने में होने वाली कार्रवाई से बनती है। आज पुलिसकर्मियों ने जो शपथ ली है, अगर वो चुनाव में, आपदा में और रोज की ड्यूटी में निभाई गई, तो यूपी पुलिस देश की सबसे भरोसेमंद पुलिस बन सकती है।
पुलिस झंडा दिवसः 74 साल पुराना गौरव, लाल-नीले झंडे के नीचे नई शपथ, चुनावी साल में पुलिस पर सबसे बड़ी परीक्षा
