अछल्दा नगर पंचायत के करीब 70 लाभार्थी परेशान, विभागों के चक्कर लगाने को मजबूर
औरैया। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत पहली किस्त जारी होने का मोबाइल पर मैसेज मिलने के बावजूद लाभार्थियों के बैंक खातों में एक लाख रुपये नहीं पहुंचे हैं। नगर पंचायत अछल्दा के करीब 70 लाभार्थी इस समस्या से परेशान हैं। खाते में रकम नहीं पहुंचने से लाभार्थियों के सामने मकान निर्माण का काम शुरू कराने का संकट खड़ा हो गया है। लाभार्थी विनीता देवी, धीरेंद्र, पिंकी देवी, रूबी देवी और हिमांशु का कहना है कि उनके मोबाइल पर प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किस्त के रूप में एक लाख रुपये बैंक खाते में भेजे जाने का संदेश आया था। इसके बाद जब उन्होंने बैंक जाकर खाते की जांच कराई तो रकम जमा नहीं मिली। वहीं, कुछ लाभार्थियों के खातों में पहली किस्त पहुंच चुकी है। ऐसे में जिनके खातों में पैसा नहीं आया है, वे यह समझ नहीं पा रहे हैं कि उनकी धनराशि कहां अटकी हुई है। लाभार्थियों का आरोप है कि समस्या के संबंध में डूडा और सूडा कार्यालय में जानकारी लेने पहुंचने पर भी उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा है। अधिकारी भी भुगतान की स्थिति को लेकर संतोषजनक जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। इसके चलते लाभार्थियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। वार्ड नंबर सात के सभासद प्रतिनिधि फिरोज खान ने बताया कि नगर पंचायत अछल्दा के करीब 70 लाभार्थियों के मोबाइल पर पहली किस्त जारी होने का मैसेज आया है, लेकिन उनके बैंक खातों में अभी तक धनराशि नहीं पहुंची है। लाभार्थी लगातार अपनी समस्या बता रहे हैं, लेकिन विभागीय स्तर पर कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पा रही है। मामले को लेकर पीड़ित लाभार्थियों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 की पहली किस्त की धनराशि उनके बैंक खातों में भिजवाने की मांग की है। लाभार्थियों का कहना है कि किस्त न मिलने के कारण मकान निर्माण का काम प्रभावित हो रहा है और उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
