नौतपा की गर्मी में बिजली कटौती का तड़का, अंधाधुंध कटौती से उपभोक्ता हलाकान


रियल मीडिया नेटवर्क
भरुआ सुमेरपुर। नौतपा की गर्मी से जूझ रहे लोगों को विद्युत विभाग निर्वाध आपूर्ति की जगह अंधाधुंध कटौती कर रहा है। इससे कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ता परेशान है। शासन के आदेश हैं कि कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्रों को 18 से 20 घंटे आपूर्ति दी जाए लेकिन यहां 12 से 14 घंटे ही आपूर्ति मिल रही है।
नौतपा की गर्मी लोगों के पसीने छुड़ा रही है। पुरवाई चलते ही उमस एवं चिपचिपी गर्मी लोगों का दम निकाल रही है। इसी बीच बिजली के गुल होते ही लोग गर्मी से हलाकान हो जाते हैं। सर्वाधिक परेशानियां वृद्धों, महिलाओं, बच्चों को हो रही है। बिजली के गुल होते ही यह गर्मी से बिलबिलाने लगते हैं। इनमें चिड़चिड़ापन पैदा होने लगा है। रोस्टर के मुताबिक सुबह 6 से 8 बजे अपरांह 3 से 5 बजे कटौती के आदेश हैं लेकिन यहां ऐसा नहीं है। इस कटौती के अलावा दोपहर एवं रात में दो-दो घंटे आपूर्ति ठप रहती है जिससे लोगों की नींद हराम हो गई है। उपभोक्ताओं के अनुसार महज 12 से 14 घंटे ही आपूर्ति मिल रही है।
उपखंड अधिकारी विद्युत एमपी पाल सिंह ने बताया कि वह रोस्टर के अनुसार आपूर्ति कर रहे हैं। अघोषित कटौती 132 केवी पावर हाउस से की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *