पुलिस के शव को फैक्ट्री के बाहर लाने पर परिजन आक्रोशित
परिजनों का आरोप पुलिस ने धक्का दिया नहीं देखने दिया शव
रियल मीडिया नेटवर्क
भरुआ सुमेरपुर। कस्बे में संचालित रिमझिम इस्पात लिमिटेड में शुक्रवार को तड़के करीब 4:30 बजे एक मजदूर पर एक ट्रक चढ़ गया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।सुबह करीब पांच बजे जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फैक्ट्री एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले आए। पुलिस की इस कार्यवाही से परिजन आक्रोशित नजर आए। आरोप लगाया कि उन्हें बिना शव को दिखाएं धक्का देकर एंबुलेंस को फैक्ट्री से बाहर लेकर चले गए। अचानक हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। बांकी निवासी जयनारायण(40) पुत्र रज्जन सविता बीते दस वर्षों से कस्बे में संचालित रिमझिम इस्पात लिमिटेड में कार्य करता था। चाचा रामविशाल ने बताया कि शुक्रवार को तड़के करीब 4:30 बजे फैक्ट्री के डंपर ने इसको कुचल दिया। जिससे इसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन फैक्टरी पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि फैक्ट्री एरिया चौकी इंचार्ज राजवीर सिंह एवं सिपाही दयाराम उन्हें धक्का देकर एंबुलेंस में शव लादकर फैक्ट्री से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले आए और उन्हें मौके पर शव को देखने नहीं दिया। इससे परिजन आक्रोशित नजर आए। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने मामले को संभाला और परिजनों को हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ। मृतक अपने पीछे पत्नी नीलम, पुत्र राज,पुत्री सोनम व पुत्र सत्यम को रोता बिलखता छोड़ गया है। बताते हैं कि यह मजदूर अवधेश शुक्ला के ठेकेदारी में फैक्टरी में काम करता था।फैक्ट्री मैनेजर मनोज गुप्ता ने बताया कि डंपर की टक्कर से मजदूर की मौत हुई है। फैक्ट्री अधिनियम के तहत मृतक मजदूर को मुआवजा दिया जाएगा।

