भाजपा जिलाध्यक्ष को पार्टी ने किया निष्कासित


@— बीते माह सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था भाजपा जिलाध्यक्ष का अश्लील हरकत करते वीडियो
एच पी श्रीवास्तव
गोण्डा । भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को एक महिला के साथ अश्लील हरकत करते हुए वीडियो वायरल होने के बाद पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। पार्टी ने उनके स्पष्टीकरण को संतोषजनक नहीं माना। पार्टी के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने बुधवार को इस सम्बंध में पत्र जारी किया। इससे पूर्व उन्हें पार्टी द्वारा नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण तलब किया गया था। उनके जवाब पर पार्टी ने सम्यक विचारोपरांत यह निर्णय लिया।
पार्टी के प्रदेश महामंत्री द्वारा आज दिनांक 11 जून 2025 को जारी पत्र में कहा गया है कि आपके द्वारा उपलब्ध कराया गया स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं है। आपका यह कृत्य घोर अनुशासनहीनता की परिधि में आता है। अतः सम्यक विचारोपरांत प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार आपको तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित किया जाता है। बता दें कि पिछले मई माह के अंतिम सप्ताह में भाजपा जिलाध्यक्ष का अश्लील हरकत करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह पार्टी कार्यालय पर एक महिला कार्यकर्ता के साथ अश्लील हरकत करते दिखाई दे रहे थे।
यह वीडियो 12 अप्रैल 2025 का बताया जाता है। पार्टी कार्यालय के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुए इस वीडियो के अनुसार, घटना की रात 9.34 बजे भाजपा नेता अपनी कार से पार्टी कार्यालय पहुंचते हैं। इस बीच एक युवक उन्हें देखकर उनसे मिलने पहुंच जाता है। वह उस युवक से गेट पर ही कुछ मिनट तक बात करते हैं और फिर वापस पलट कर अपनी कार का पिछला दरवाजा खोलते हैं। गेट खुलते ही उसमें से एक महिला नीचे उतरती है और तेज कदमों से कार्यालय की सीढ़ियों की तरफ चली जाती है। नेता जी भी उसके पीछे-पीछे ऊपर चले जाते हैं और सीढियों पर ही उसके साथ अश्लील हरकत करते हैं। वीडियो में दिख रही महिला पार्टी कार्यकर्ता बतायी जा रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष की अश्लील हरकत वीडियो वायरल होने के बाद पार्टी और संगठन में हड़कंप मच गया।
बाद में वीडियो में दिख रही महिला कार्यकर्ता भी सामने आई और उसने छपिया थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज कराए गए मुदकमे में महिला ने दावा किया था कि वीडियो को तोड़-मरोड़कर वायरल किया गया है। उसने वायरल वीडियो को ‘राजनीतिक साजिश’ करार देते हुए कहा था कि कुछ लोग सुनियोजित तरीके से उनकी और भाजपा जिलाध्यक्ष की छवि धूमिल करना चाहते हैं। महिला ने स्पष्ट किया था कि अमर किशोर कश्यप उनके लिए बड़े भाई जैसे हैं और उनके बीच कोई अनुचित रिश्ता नहीं है। दर्ज मुकदमे की विवेचना मनकापुर के प्रभारी निरीक्षक (अपराध) कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *