सत्येंद्र सिंह
शाहाबाद (हरदोई)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उपजिलाधिकारी ने तहसील परिसर में तथा अधिशाषी अधिकारी ने नगर पालिका प्रांगण मे बृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया , इसके अतिरिक्त कई सामाजिक संगठनो के कार्यकर्ताओं ने भी पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी तान्या सिंह ने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण किया जाना जीवन के लिए बहुत जरूरी है। बृक्ष लगाकर उनकी देखभाल अवश्य की जानी चाहिए क्योकि वृक्ष हमे जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक आक्सीजन प्रदान करते हैं । विकास की दौड़ में पेड़ काट कर बढ़िया सड़कों और बड़ी बड़ी इमारतों का निर्माण किया जा रहा है। जिससे पर्यावरण प्रदूषण बढ़ रहा है जो मानव जीवन के लिए अत्यंत हानिकारक है।पर्यावरण दिवस पर सभी को जीवन में एक वृक्ष लगा कर उसकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।इस अवसर पर तहसील के तमाम कर्मचारी उपस्थित रहे। नगर पालिका परिषद के प्रंगण में भी पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया तथा स्वच्छता के प्रति शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर उपस्थित कर्मचारियों को सफाई निरीक्षक दीपक कुमार ने स्वच्छता बैग उपलब्ध कराये। इससे पूर्व प्रातःकाल मुख्य बाजार के घंटाघर क्षेत्र में स्वच्छता रैली भी निकालकर लोगों को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार सोनकर ने कहा कि पर्यावरण को अगर संतुलित रखना है तो हमें वृक्ष लगाने होंगे और उनकी देखभाल करके उन्हें बड़ा करना होगा ताकि वह पर्याप्त ऑक्सीजन दे सके जिससे हम सभी को निरोगी जीवन मिल सके।

