मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर दिया जोर।
रियल मीडिया नेटवर्क ब्यूरो संजय कुमार जैन
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज तहसील जलालाबाद के ग्राम पीरु के पास गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 3.50 किलोमीटर लंबी नवनिर्मित हवाई पट्टी का भी निरीक्षण किया। जहां भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमानों की लैंडिंग का पहला पूर्वाभ्यास जल्द ही होने जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने यूपीडा के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि गंगा एक्सप्रेस-वे बनाए जाने का निर्णय 2019 के प्रयागराज कुंभ के दौरान लिया गया था। जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को प्रयागराज तक जोड़ा जाए। उन्होंने बताया 2020 में कैबिनेट से स्वीकृति मिलने के बाद गंगा एक्सप्रेस-वे निर्माण कार्य पर तेजी से कार्यवाही को आगे बढ़ाया गया। उन्होंने बताया यह 594 किलोमीटर लंबा सिक्स लेन एक्सप्रेस-वे जिसे भविष्य में आठ लेन के लिए तैयार किया जा सकता है। यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश को प्रयागराज से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। उन्होंने बताया इसका लगभग अब तक 85% कार्य पूर्ण हो चुका है।
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि परियोजना के लिए 18 हजार एकड़ भूमि किसानों से 36,230 करोड़ में खरीदी गई है।ङ यूपीडा द्वारा इस परियोजना में निवेश कर निर्माण कार्य कराया गया है। उन्होंने बताया देश के सबसे बड़े एक्सप्रेस-वे के रूप में उभरते गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण चार पैकेजों में किया जा रहा है। इसे इसी वर्ष नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यहां अंतर्राष्ट्रीय स्तर की हवाई पट्टी तैयार की गई है। जिसका उपयोग आपातकालीन स्थितियों में एयरोप्लेन की लैंडिंग तथा टेक-ऑफ के लिए किया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त इस पट्टी का उपयोग एयर एंबुलेंस व इमरजेंसी सेवा के लिए भी किया जा सकता है।
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि गंगा एक्सप्रेस-वे को फर्रुखाबाद, आगरा एक्सप्रेस-वे और बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से जोड़ा जाएगा। इसी के साथ ही गंगा एक्सप्रेस-वे के किनारे औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए कई औद्योगिक क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं। जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में देश में रेलवे, हवाई अड्डों तथा लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में हुए उल्लेखनीय कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जी ने स्वयं 2021 में शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास किया था।उन्होंने कहा कि महाकुंभ के दृष्टिगत मेरठ से हरिद्वार, काशी, पूर्वांचल, गाजीपुर, शक्तिनगर एवं सोनभद्र तक भी कनेक्टिविटी परियोजनाएं विकसित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 2 मई को गंगा एक्सप्रेस-वे की हवाई पट्टी पर भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों का ऐतिहासिक लैंडिंग शो आयोजित किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश सरकार में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि पिछले आठ वर्षों के दौरान मुख्यमंत्री जी के सेवा कार्य से प्रदेश में लोगों की सोच बदली है। उनके कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास का पहिया घूमा है। उन्होंने आज अन्य प्रांतों में भी लोगों की मांग है कि उनके यहां योगी जैसी सरकार हो। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी जी ने शाहजहांपुर को एक दर्जन से अधिक विकास कार्यों की सौगातें दीं गई हैं।उन्होंने बताया आगामी 02 मई को मुख्यमंत्री यहां वायु सेना के एयर शो कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
उत्तर प्रदेश शासन के मुख्य सचिव मनोज सिंह ने कहा कि 594 किलोमीटर गंगा एक्सप्रेस-वे जनपद मेरठ से हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ एवं प्रयागराज तक बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया इसी वर्ष 2 नवंबर को गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य पूर्ण होने पर इसे जनता के लिए लोकार्पित किया जाएगा। मुख्य सचिव ने कहा 36,230 करोड़ की लागत से बने गंगा एक्सप्रेस-वे की कार्यदाई संस्था द्वारा 30 वर्ष की गारंटी होगी।
कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया, लोक सभा सांसद अरुण कुमार सागर, महापौर अर्चना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, एमएलसी डॉ.सुधीर गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, विधायक जलालाबाद हरि प्रकाश वर्मा, विधायक कटरा डॉ.वीर विक्रम सिंह, विधायक ददरौल अरविंद कुमार सिंह, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर, भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह यादव, मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल,
एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा, आईजी रेंज बरेली डॉ राकेश सिंह, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पांडेय, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर एसके गोयल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

