रियल मीडिया नेटवर्क
भरुआ सुमेरपुर। कस्बे के वार्ड संख्या 12 चांद थोक में मनोज पालीवाल के मकान के समीप गुरुवार को हुई लाइनमैन की मौत के 24 घंटे गुजर जाने के बाद विभाग ने क्षतिग्रस्त खंभे को नहीं हटाया है। यह खंभा स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत बन सकता है। गुरुवार को केबिल शिफ्ट करते समय संविदा लाइनमैन कर्मी अशोक कुमार प्रजापति की खंभा क्षतिग्रस्त होने से छज्जा एवं खंभे के मध्य दबकर मौत हो गई थी। घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी विद्युत विभाग ने क्षतिग्रस्त खंभे को मकान से हटाना उचित नहीं समझा है। मकान मालिक मनोज कुमार पालीवाल का कहना है कि यह खंभा उनके लिए भी संकट खड़ा कर सकता है। इसलिए इसको यहां से हटवाना बेहद जरूरी है।
पावर हाउस के अवर अभियंता कार्तिकेय त्रिपाठी का कहना है कि वह लाइनमैन के अंतिम संस्कार में गए हुए थे। ठेकेदार को खंभा हटाने के लिए कहा गया है। शाम तक इसको हटवा दिया जाएगा।

