भरुआ सुमेरपुर। गत 23 जून की रात 10:00 बजे असलहो के दम पर जे के सीमेंट फैक्ट्री से जबरिया ट्रक ले जाने के मामले पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया है। आरोपी मुकदमा दर्ज होने के बाद फैक्ट्री के अधिकारियों पर लगातार राजीनामा का दबाव बना रहा था।
गत 23 जून को सुमित गुप्ता 7 अज्ञात लोगों के साथ अवैध असलहे लेकर जेके सीमेंट फैक्ट्री में घुसकर फैक्ट्री द्वारा जप्त किए गए ट्रक को छुड़ाकर कर ले गया था। फैक्ट्री सुरक्षा अधिकारी एस के सिंह की तहरीर पर पुलिस ने सुमित गुप्ता को नामजद करके सात अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद मुख्य आरोपी लगातार फैक्ट्री के अधिकारियों पर राजीनामा का दबाव बना रहा था। पुलिस ने मुख्य आरोपी की हरकतों से आजीज आकर गुरुवार को देर शाम हिरासत में लेकर हवालात में बंद किया है। थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि आरोपी हिरासत में हैं। घटना के संबंध में पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेजा जाएगा। इस प्रकरण में उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
