मानिकपुर से दिल्ली तक चलेगी वन्दे भारत ट्रेन मंत्रालय ने समय और स्टापेज किए तय

मानिकपुर से बांदा भरुआ सुमेरपुर गोविंदपुरी होकर जाएगी दिल्ली

भरुआ सुमेरपुर। आजादी के 78 वर्ष गुजरने के बाद जनपद के लोगों को ट्रेन से दिल्ली तक सीधे जाने का सपना साकार होता नजर आ रहा है। जेड आर यूसीसी रेलवे बोर्ड के प्रस्ताव को रेल मंत्रालय ने हरी झंडी दिखाते हुए मानिकपुर से सीधे दिल्ली तक वन्दे भारत ट्रेन चलाने की अनुमति देकर इसका समय और स्टापेज तय कर दिए हैं। जल्द ही यह ट्रेन पटरी पर आ सकती है।
गत माह प्रयागराज में हुई जेड आर यूसीसी की बैठक में रेलवे बोर्ड के सदस्य अशोक कुमार तिवारी ने मानिकपुर से बांदा, रागौल, भरुआ सुमेरपुर, घाटमपुर कानपुर होकर दिल्ली तक सीधे ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रखा था। बोर्ड ने इस प्रस्ताव को स्वीकार करके अनुमति के लिए रेल मंत्रालय को भेजा था। रेल मंत्रालय ने इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए इस रूट में वन्दे भारत ट्रेन को चलाने की अनुमति देते हुए इसका समय और स्टापेज तय किए हैं। यह ट्रेन मानिकपुर जंक्शन से शाम 7.15 पर रवाना होगी और 7.40 पर चित्रकूट धाम कर्वी पहुंचेगी। दो मिनट ठहराव के बाद यह अतर्रा 8.20 बजे पहुंचेगी। दो मिनट रुकने के बाद यह बांदा 9.21 पर आएगी। यहां पर इसका ठहराव 14 मिनट किया गया है। इसके बाद यह रागौल 9.45 पर पहुंचेगी। भरुआ सुमेरपुर आने का समय 10.08 बजे तय किया गया है। घाटमपुर में यह 11.10 में पहुंचेगी। गोविंदपुरी पहुंचने का समय रात 12.45 तय किया गया है। यहां 20 मिनट रुकने के बाद यह 1.05 में दिल्ली के लिए चलेगी। रात 4.20 पर अलीगढ़ पहुंचेगी। तड़के 6.20 पर यह गाजियाबाद पहुंचेगी और सुबह 7 बजे इसके नई दिल्ली पहुंचने का समय तय किया गया है। यह ट्रेन पटरी में किस दिन आएगी, यह अभी तय नहीं है लेकिन बोर्ड के प्रस्ताव पर मंत्रालय ने सहमति देकर ट्रेन चलाने का समय और स्टॉपेज तय करके यह संदेश दिया है कि आजादी के बाद से दिल्ली तक सीधे ट्रेन चलाने का सपना जल्द साकार होने जा रहा है और इस पिछड़े क्षेत्र के लोगों को वन्दे भारत ट्रेन में सफर करने का सौभाग्य मिलने जा रहा है। लोगों ने रेल मंत्रालय के इस निर्णय को सराहते हुए कहा कि सरकार का यह कदम पिछड़े क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *