रियल मीडिया न्यूज
हमीरपुर। मौदहा क्षेत्र के ग्राम अरतरा में सांप के काटने से एक बालिका की मौत हो गई। इस घटना से मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया है।
कोतवाली क्षेत्र मौदहा के ग्राम अरतरा निवासी आयशा 11 वर्ष पुत्री स्वर्गीय दिलीप कुमार सोमवार की दोपहर अपने घर में तख्त के नीचे से सामान निकाल रही थी। तभी वहां मौजूद सांप ने उसके हाथ में काट लिया। जिससे वह शोर मचाती कमरे से बाहर भागी और आंगन में गिरकर बेहोश हो गई। उसकी हालत देख उसकी मां साधना ने ग्रामीणों की मदद से उसे आनन फानन में सरकारी अस्पताल मौदहा पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। इस घटना से मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका तीन बहनों में सबसे बड़ी थी। वह गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 5 में पढ़ती थी। आयशा के पिता की मौत आठ माह पूर्व बीमारी के चलते हो गई थी। इस स्थिति में उसकी मां साधना गांव में मजदूरी कर किसी तरह अपनी तीनों बेटियों का पालन पोषण कर रही थी। आयशा की मौत से मां साधना व उसकी बहनों का रो रोकर बुरा हाल है।
