एक-47 गैंग ने खाना न देने से नाराज होकर होटल मैनेजर को अर्धनग्न करके पीटा



हमीरपुर। बीती रात उद्योग नगरी सुमेरपुर के समीप हाईवे किनारे संचालित अर्थ होटल में एके-47 गैंग से जुड़े युवकों ने खाना देने से मना करने से नाराज होकर होटल मैनेजर सहित सफाई कर्मियों एवं होटल में ठहरे एक युवक को बीच बचाव करने पर अर्धनग्न करके जमकर पीटा और अवैध असलहे लहराते हुए जान से मार देने की धमकी देकर फरार हो गये। पुलिस ने होटल मैनेजर की तहरीर पर तीन को नामजद करके कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मंगलवार की रात करीब 11 बजे कस्बे में सक्रिय एके-47 गैंग के सदस्य नशे में चूर होकर उद्योग नगरी के समीप हाइवे किनारे संचालित अर्थ होटल में खाना खाने पहुंचे। होटल के मैनेजर कुलदीप सिंह से खाना मांगा। मैनेजर ने कहा कि गैस के साथ साथ खाना खत्म हो गया है, खाना मिलना संभव नहीं है। इससे नाराज गैंग के सदस्यों ने मैनेजर के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बचाने दौड़े सफाई कर्मी नरेंद्र अनुरागी, अरुण वाल्मीकि को लात घूंसे से जमकर पीटा। इसी बीच होटल में ठहरा ग्राहक पंकज कुमार पाल निवासी दौलतपुरा उरई जालौन बीचबचाव करने लगा। गैंग के सदस्यों ने इसको भी नहीं बख्शा और अर्धनग्न करके दौड़ा दौड़ा कर पीटा। एके-47 गैंग के सदस्यों के साथ बजरंग दल के लोग भी थे। पुलिस ने मैनेजर की तहरीर पर बजरंग दल के जिला सहसंयोजक नैतिक सोनी, प्रत्यूष साहू, भोलू ठाकुर को नामजद करके कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा दर्ज होते ही सभी भूमिगत हो गए हैं।

एके-47 गैंग के सरगना पर दर्ज है कई मुकदमें

हमीरपुर। सुमेरपुर कस्बे में सक्रिय एके-47 गैंग के सरगना रामजी सिंह पर कई मुकदमे थाने में दर्ज हैं। समय-समय पर यह कस्बे में वारदातों को अंजाम देकर भूमिगत होने में माहिर है। बीती रात हुई इस घटना में भी सरगना का नाम प्रमुखता के साथ सामने आया है लेकिन रात में दर्ज किए गए मुकदमे में इसका नाम नहीं है। थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि गैंग के सरगना का नाम मुकदमे में नहीं है लेकिन वारदात में शामिल होने की पुष्टि हुई है। अज्ञात में नाम बढ़ाकर इसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *