हाईटेंशन लाइन की चिंगारी से 30 बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक


रियलमीडिया न्यूज

भरूआ सुमेरपुर। क्षेत्र के पचखुरा खुर्द गांव में हाईटेंशन लाइन का फाल्ट ठीक करने के बाद टेस्टिंग के दौरान निकली चिंगारी से खेतों में खड़ी गेहूं की पकी फसल में आग लग गई। इसमें चार किसानों की 30 बीघा फसल जलकर खाक हो गई और छह किसान आग बुझाने में झुलस गए। घटना की सूचना पाकर पहुंची पीआरवी टीम ने फायर दस्ते के साथ मिलकर आग पर काबू पाया। आक्रोशित किसानों ने पावर हाउस में प्रदर्शन करके लाइनमैन पर कार्रवाई करने तथा मुआवजा दिलाने की मांग की है।
शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे पारा पावर हाउस का लाइनमैन अपने दो साथियों के साथ हाईटेंशन लाइन में आए फाल्ट को ठीक करने गया था। फाल्ट ठीक करने के बाद जैसे ही उसने शटडाउन वापस लिया और लाइन चालू की गई तो उससे निकली चिंगारी गेहूं की फसल में आ गिरी और आग लग गई। आग लगते ही लाइनमैन साथियों संग भाग निकला। आग से पचखुरा खुर्द के किसान उमेश सिंह की 15 बीघा,जितेंद्र सिंह,योगेंद्र सिंह एवं लाखन सिंह की पांच-पांच बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक हो गयी। इस घटना में आग बुझाते समय सर्वेश सिंह,अमित सिंह,प्रदीप सिंह,छोटू यादव आदि किसान मामूली रूप से झुलस गए। खेतों में आग लगने की सूचना ग्राम प्रधान अनिल यादव ने पुलिस और फायर दस्ते को दी। सूचना पाकर पीआरवी की दो एवं दो फायर दस्ते के साथ मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
घटना से आक्रोशित किसानों ने अपराह्न तीन बजे कस्बे के एसडीओ कार्यालय में किसान बब्बू सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए उन्हें शिकायत सौंपकर लाइनमैन पर कार्रवाई करने तथा किसानों को क्षतिग्रस्त फसलों का मुआवजा दिलाने की मांग की है। उपखंड अधिकारी एमपी सिंह ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। किसानों के अनुसार आग से करीब साढे छः लाख की फसल जलकर खाक हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *