श्रीलंका की जेल में बंद 30 भारतीय मछुआरों की घर वापसी

श्रीलंका की जेल में बंद 30 भारतीय मछुआरों की घर वापसी

शाश्वत तिवारी
रियल मीडिया नेटवर्क/कोलंबो। श्रीलंका की जेल में बंद 30 भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया गया है। भारतीय विदेश मंत्रालय और कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग की ओर से किए गए सक्रिय प्रयासों के बाद इन मछुआरों को जेल से रिहा कराया गया और भारत वापस भेज दिया गया। कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा भारत के 30 मछुआरों को आज श्रीलंका से वापस भेज दिया गया है।’’ उच्चायोग ने बताया कि ये मछुआरे फिलहाल स्वदेश वापसी का सफर तय कर रहे हैं। दरअसल तमिलनाडु को श्रीलंका से अलग करने वाली पानी की एक संकीर्ण पट्टी ‘पाक जलडमरूमध्य’ दोनों देशों के मछुआरों के लिए मछली पकड़ने का एक समृद्ध क्षेत्र है। दोनों देशों के मछुआरों को कई बार अनजाने में एक-दूसरे के जलक्षेत्र में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया जाता है। हालांकि गलती से समुद्री सीमा पार करने वाले मछुआरों की भलाई के लिए भारतीय विदेश मंत्रालय और भारतीय उच्चायोग प्रतिबद्ध है और अक्सर ऐसे मामलों को श्रीलंकाई नेतृत्व और अधिकारियों के समक्ष उठाया जाता है। भारतीय अधिकारियों की नियमित राजनयिक पहल के चलते समय-समय पर मछुआरों की रिहाई और स्वदेश वापसी संभव हो पाती है। इससे पहले 14 मार्च को 14 भारतीय मछुआरों के एक समूह को श्रीलंका से चेन्नई लाया गया था। इन्हें श्रीलंकाई तटरक्षक बल ने समुद्री सीमा उल्लंघन के आरोप में हिरासत में लिया था। भारतीय उच्चायोग के राजनयिक हस्तक्षेप से ही उनकी रिहाई संभव हो पाई थी। इसके अलावा 7 मार्च को 3 और 20 मार्च को 9 भारतीय मछुआरों की वतन वापसी सुनिश्चित हो पाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *