रियल मीडिया न्यूज/लखनऊ। लोकसभा में परिसीमन बिल गिरने के बाद भाजपा और सपा के बीच राजनीतिक विवाद चरम पर पहुंच गया है। भाजपा ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का फोटो लगाते हुए उन्हें वांटेड बताया। साथ ही कहा कि आखिरी बार उन्हें टोटी चुराते हुए देखा गया था। इस पर अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए भाजपा के नेताओं को गद्दार करार दिया। भाजपा, उत्तर प्रदेश के एक्स अकाउंट पर रविवार को लिखा गया कि अखिलेश यादव महिलाओं के अधिकारों के विरोध में हैं। उन पर संसद में नारी शक्ति के हक का विरोध करने का आरोप है और उन्हें आखिरी बार टोंटी चुराते हुए देखा गया था। इसका जवाब देते हुए अखिलेश ने लिखा कि भाजपा और उसके संगी-साथी पराजय स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। उनमें ये डर बैठ गया है कि देश की 95 प्रतिशत आबादी से बना पीडीए समाज जब भाजपा की करतूतों के खिलाफ एक साथ खड़ा हो जाएगा तो उनका क्या होगा। इन नकारात्मक लोगों ने आजादी से पहले भी देश से गद्दारी की और अंडरग्राउंड रहकर देश को गुलाम बनाने वालों की गुलामी की। इन्होंने पहले भी देश को धोखा देकर अकूत दौलत इकट्ठा की और अब भी कर रहे हैं। न इन्होंने तब हिसाब दिया था और न अब दे रहे हैं।
भाजपा ने अखिलेश को कहा- टोटी चोर, सपा अध्यक्ष ने बताया गद्दार; परिसीमन बिल गिरने के बाद एक्स पर वार
