रियल मीडिया न्यूज/उरई। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बोहदपुरा गांव में स्थित शराब ठेके को हटाने की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के बीचों-बीच संचालित हो रहे इस शराब ठेके के कारण क्षेत्र का माहौल बिगड़ रहा है। उन्होंने बताया कि ठेके के आसपास दिनभर नशे में धुत लोगों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे महिलाओं और बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई महिलाओं ने शिकायत की कि नशेड़ी आए दिन अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं और आने-जाने वाली महिलाओं पर फब्तियां कसते हैं। इससे उनकी सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने बताया कि प्रशासन से कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते उन्हें सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ठेका नहीं हटाया गया, तो वे और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। काफी समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन ग्रामीणों में अभी भी नाराजगी बनी हुई है। प्रशासन के लिए यह एक चुनौती बन गई है कि वह जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान निकाले।
शराब ठेका हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
