- कूड़ा डालकर सड़क पार कर रहे थे, इमलोरी का रहने वाले थे, साल भर पहले बनवाया था कोंच में मकान
रियल मीडिया न्यूज/कोंच, जालौन। उरई-कोंच रोड पर शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में रिटायर अध्यापक की जान चली गई। वह घर का कूड़ा डालकर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उन्हें पहले सीएचसी और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां से कानपुर ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। ग्राम इमलोरी निवासी जगत प्रसाद निरंजन (65) उत्तराखंड में शिक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए थे। रिटायरमेंट के बाद उन्होंने कोंच में मथुरा प्रसाद महाविद्यालय के पास मकान बनवाया था, जहां वह पत्नी राजकुमारी के साथ रह रहे थे। शनिवार शाम वह उरई-कोंच रोड पार कर सीएचसी की तरफ कूड़ा डालने गए थे। कूड़ा डालकर वापस लौटते समय सड़क पार करते वक्त तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें सीएचसी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने स्थिति नाजुक होने पर उन्हें कानपुर के लिए रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी है। बेटा बिजली विभाग में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत है और उसकी शादी हो चुकी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई है।
रिटायर शिक्षक को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, मौत
