जिलाधिकारी ने कान्हा गौशाला सरसोकी का किया निरीक्षण, घायल गोवंशों के समय पर उपचार के दिए सख्त निर्देश

रियल मीडिया नेटवर्क
संवाददाता – राहुल कुमार उरई(जालौन)

घायल और निराश्रित गोवंशों की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने शुक्रवार को बड़ी पहल की। उन्होंने जनपद की कान्हा गौशाला सरसोकी पहुंचकर वहां रखे गए घायल गोवंशों का हाल जाना और अधिकारियों को उनके उपचार में कोई लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल हुए कई गोवंशों को हाल ही में गौशाला में लाकर रखा गया है। निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्वयं सभी घायल गोवंशों का स्वास्थ्य जाना और उनकी स्थिति की पूरी जानकारी पशु चिकित्सकों से ली। संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्होंने खुद अपने हाथों से घायल गोवंशों को गुड़ भी खिलाया।

पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि हर घायल गोवंश का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण हो। उन्हें समयबद्ध तरीके से आवश्यक दवाएं और उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक गोवंश पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो जाते, तब तक उनकी निरंतर निगरानी की जाए। उपचार में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम ने गौशाला प्रबंधन को भी निर्देशित किया कि सभी गोवंशों को नियमित रूप से हरा चारा, पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल और साफ-सुथरा वातावरण दिया जाए। उनका मानना है कि इससे गोवंशों के स्वास्थ्य पर सीधा सकारात्मक असर पड़ेगा

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से भी सहयोग मांगा है। उन्होंने अपील की कि यदि किसी को सड़क पर घायल अवस्था में कोई गोवंश दिखे तो उसे असहाय न छोड़ा जाए। तुरंत इसकी सूचना निकटतम गौशाला या पशुपालन विभाग को दी जाए, ताकि समय पर उपचार कर उसकी जान बचाई जा सके।

डीएम ने कहा कि घायल गोवंशों की सेवा और संरक्षण सिर्फ प्रशासन का ही नहीं, बल्कि हम सबका सामाजिक दायित्व है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *