रियल मीडिया
भरुआ सुमेरपुर। ससुराल गया युवक कानपुर नगर के कठेरुआ के एक गेस्ट हाउस में मृत पाया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। कस्बे के वार्ड संख्या 01 लखनापुरवा के निवासी संदीप कुमार वर्मा 30 वर्ष पुत्र दयाराम की ससुराल बिधनु थाना क्षेत्र के हरीपुर गांव में है वह विगत दिनों पत्नी रेशमा 28 वर्ष एवं 8 माह की पुत्री सृष्टि के साथ अपनी ससुराल गया था। मृतक के साले भूपेंद्र कुमार ने बताया कि बहनोई संदीप कुमार शुक्रवार को दोपहर 2 बजे हरीपुर निवासी पारिवारिक साले सर्वेश उर्फ साजन एवं आशीष कुमार के साथ घूमने की बात कहकर घर से बाइक से निकले थे और रात में वापस नहीं आए सुबह साजन की बहन ने फोन से सूचना दी कि आपके रिश्तेदार का एक्सीडेंट हो गया है और वह कठेरुआ के क्षत्रिय गेस्ट हाउस में है जब वह लोग वहां पहुंचे तो बहनोंई की मौत हो गई थी। घटना से बिधनू पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है साथ ही सर्वेश उर्फ साजन एवं आशीष कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। साले भूपेंद्र ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर का था और होटल लाइन में कार्य करके परिवार का भरण पोषण करता था। सभी भाई बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। सभासद गोपाल बजाज, पूर्व सभासद अरुण कुमार वर्मा ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया है।

