
जालौन के कदौरा में लापता ITI छात्र लोकेंद्र का शव आखिरकार यमुना नदी से बरामद हो गया है। लोकेंद्र वही छात्र था जिसने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर पुलिस पर प्रताड़ना, मारपीट और 8 लाख रुपये मांगने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। वीडियो में उसने कहा था कि फर्जी मुकदमे और मानसिक दबाव ने उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी है। इसके बाद से वह लापता हो गया था और करीब 50 घंटे तक पुलिस व परिवार उसकी तलाश में जुटे रहे। जानकारी के मुताबिक सिद्धार्थ नगर निवासी लोकेंद्र का मोहल्ले की एक महिला से विवाद हुआ था, जिसके बाद उस पर कार्रवाई की गई। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने निष्पक्ष जांच के बजाय छात्र पर दबाव बनाया और मामले को खत्म करने के नाम पर पैसों की मांग की गई। जमानत पर घर लौटने के बाद लोकेंद्र मानसिक तनाव में था और फिर रात में घर से निकल गया। बाद में कालपी से उसका वीडियो वायरल हुआ जिसमें उसने खुद को प्रताड़ित बताया था। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में गुस्सा फैल गया है। अब इस मामले ने कदौरा पुलिस की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच तेज कर दी है और युवक द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की बात कही जा रही है।
