कल से प्रदेश में नौतपा का असर होगा शुरू, छह दिन के बाद बन रहे हैं बारिश के आसार

कल से प्रदेश में नौतपा का असर होगा शुरू

लखनऊ। भीषण गर्मी से तप रहे लोगों को शनिवार को अवध और एनसीआर के कुछ जिलों में आंधी-बारिश से भी राहत नहीं मिली। बुंदेलखंड सहित तमाम जिलों में सूरज के तेवर तल्ख रहे। तपिश और लू के थपेड़ों ने लोगों को परेशान किया। बांदा अभी भी सबसे गर्म बना हुआ है। शनिवार को यहां अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री दर्ज किया गया। सोमवार से नौतपा शुरू हो रहा है, जिससे कम से कम अगले छह दिनों तक आसमान से आग बरसने और झुलसा देने वाली पछुआ हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार छह दिन बार बारिश से कुछ राहत मिल सकती है। अवध के जिलों में शनिवार को मौसम के बदले रंग रहे। अयोध्या, बाराबंकी और गाेंडा में दोपहर बाद आंधी से कई खंभे गिर गए। पेड़ उखड़ गए। बाराबंकी में आंधी के साथ बारिश भी हुई। वहीं, लखनऊ, सुल्तानपुर, अमेठी, रायबरेली, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती व अमेठी में लोग गर्मी से बचाव के उपाय करते नजर आए। प्रयागराज में पारा 46 डिग्री, झांसी में 44.9, वाराणसी में 44.7, हमीरपुर में 44.6 और सुल्तानपुर में 44.4 डिग्री दर्ज किया गया। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश में कोई भी सक्रिय मौसम तंत्र न होने से शुष्क और साफ मौसम के आसार हैं। प्रदेश में आगामी एक सप्ताह के दौरान कुछ स्थानों पर लू का असर बढ़ेगा। कहीं-कहीं रातें भी गर्म होने की संभावना है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आगामी तीन दिनों के लिए रेड अलर्ट और उसके बाद ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। इसके अलावा छह दिन बाद प्रदेश में ज्यादातर जगहों पर हल्की या मध्यम बारिश हो सकती है जिससे तापमान में गिरावट महसूस होगी। इसके अलावा पंजाब से दक्षिणी पश्चिमी राजस्थान तक विस्तृत द्रोणी के प्रभाव से प्रदेश के पश्चिमी भाग में कहीं कहीं मेघगर्जन या वज्रपात के साथ झोंकेदार हवा और छिटपुट बारिश की संभावना भी है। उन्होंने बताया कि छह दिन बाद प्रदेश में ज्यादातर जगहों पर हल्की या मध्यम बारिश हो सकती है जिससे तापमान में गिरावट महसूस होगी। हालांकि जिन जगहों पर बारिश नहीं भी होगी तो वहां पर भी तापमान में गिरावट के आसार व्यक्त किए जा रहे हैं। तापमान के मामले में बांदा अभी भी सबसे ऊपर बना हुआ है। शनिवार को यहां अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री दर्ज किया गया। 46 डिग्री के साथ प्रयागराज दूसरे नंबर पर रहा। झांसी में तापमान 44.9 डिग्री, वाराणसी में 44.7, हमीरपुर में 44.6 और सुल्तानपुर में 44.4 डिग्री दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *