फर्राटा पंखे की केबल पकड़ने से तीन वर्षीय मासूम की मौत, गांव में पसरा मातम

रियल मीडिया न्यूज नेटवर्क
फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर मजरे रिठवां गांव में एक हृदयविदारक हादसे में करंट लगने से तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार बहादुरपुर मजरे रिठवां निवासी संदीप कुमार का तीन वर्षीय पुत्र राघवेंद्र सिंह घर के अंदर खेल रहा था। इसी दौरान कमरे में चल रहे फर्राटा पंखे की केबल उसके संपर्क में आ गई। बताया जा रहा है कि केबल में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में आने से मासूम गंभीर रूप से झुलस गया और जमीन पर गिर पड़ा। बच्चे की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे करंट से अलग किया, लेकिन तब तक उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। परिवार के लोग उसे बचाने का हरसंभव प्रयास करते रहे, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में उसके घर पहुंच गए। घर में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां शांति देवी बेटे के वियोग में बदहवास हो गईं, जबकि पांच वर्षीय बड़े भाई रुद्र प्रताप सिंह भी सदमे में दिखाई दिए। ग्रामीणों के अनुसार हादसे के बाद परिजनों ने बच्चे को अस्पताल ले जाने के बजाय घर पर ही उपचार का प्रयास किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। बाद में बिना किसी कानूनी कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस कारण पुलिस को घटना की जानकारी नहीं मिल सकी। थाना प्रभारी रमाशंकर सरोज ने बताया कि मामले की कोई सूचना थाने में नहीं दी गई है। यदि परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त होती है तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मासूम की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *