
बिना महिला परिचर दौड़ रहे स्कूली वाहनों पर चला हंटर, झाँसी RTO प्रवर्तन ने उरई में की बड़ी कार्रवाई
संवाददाता – राहुल कुमार उरई
शासन के निर्देशों के क्रम में आज दिनांक 14 सितम्बर 2026 को जनपद जालौन में स्कूली वाहनों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान का नेतृत्व राजेश कुमार वर्मा, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) झाँसी ने किया। उनके साथ राजेश कुमार, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) जालौन एवं आनन्द राय कुरील, यात्रीकर/मालकर अधिकारी जालौन मौजूद रहे।

माननीय उच्च न्यायालय एवं शासन के निर्देशानुसार छात्राओं को घर से विद्यालय लाने-ले जाने वाले प्रत्येक स्कूली वाहन में एक प्रशिक्षित महिला परिचर / सहायक की मौजूदगी अनिवार्य है। जब तक वाहन में अंतिम छात्रा मौजूद है, तब तक महिला परिचर का वाहन में रहना जरूरी है। इसी नियम का कड़ाई से पालन कराने के लिए 14 से 19 सितम्बर 2026 तक 06 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
मार्ग पर चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे अनेक स्कूली वाहनों के चालान किए गए तथा 01 वाहन को निरुद्ध किया गया।
इसी क्रम में एस.आर. पब्लिक स्कूल, कालपी रोड उरई में विद्यालय प्रबंधन के सहयोग से सड़क सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं एवं वाहन चालकों/परिचालकों को सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक किया गया और छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक अशोक कुमार राठौर, प्रधानाचार्या एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।
परिवहन विभाग, जनपद जालौन ने जिले के समस्त विद्यालयों के प्रबंधक/प्रधानाचार्य से अपील की है कि –
छात्राओं को ले जाने वाले हर वाहन में महिला परिचर की तैनाती अनिवार्य रूप से करें।
महिला परिचर का पुलिस वेरिफिकेशन कराकर पूरा विवरण विद्यालय के अभिलेखों में सुरक्षित रखें।
भविष्य में औचक निरीक्षण में यदि किसी वाहन में प्रपत्रों में कमी या महिला परिचर के नियम का उल्लंघन मिला, तो वाहन के साथ-साथ संबंधित विद्यालय प्रबंधन / प्रधानाचार्य के विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।

