हाथरस। चंदपा कोतवाली क्षेत्र में 19 जून की सुबह नगला कलू और अल्लेहपुर के बीच स्थित बंबे में अज्ञात शव मिला है। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस शव के पहचान कराने की कोशिश में लगी है। सुबह करीब नौ बजे लोगों ने बंबे में एक युवक का शव देखा। सूचना मिलने पर सादाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। मामला चंदपा का होने के कारण करीब तीन घंटे तक शव पानी में ही पड़ा रहा। तीन घंटे बाद चंदपा पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला। शरीर पर लाल रंग की फुल टी-शर्ट थी। शव को शव परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया गया। सादाबाद कोतवाल विजय सिंह और चंदपा थाना प्रभारी योगेश कुमार भी मौके पर पहुंचे। मृतक के शरीर और चेहरे पर चोट के गहरे निशान थे। चोटों के कारण शव की पहचान करना मुश्किल हो रहा था। पुलिस के अनुसार, शव करीब चार दिन पुराना लग रहा है। मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस आसपास के गांवों में शव की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। क्षेत्राधिकारी सादाबाद जे एन अस्थाना ने बताया कि शव की पहचान की जा रही है। फिलहाल अभी तक कोई पहचान नहीं हो पाई है।
बंबा में मिला अज्ञात युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी
