ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के दादरी के ब्रह्मपुरी गेट के पास शनिवार सुबह एक मकान की तीसरी मंजिल पर बने खुले कमरे में आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। अग्निशमन विभाग के अनुसार, सुबह करीब 7:24 बजे ब्रह्मपुरी गेट क्षेत्र में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट दादरी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने पाया कि एक मकान की तीसरी मंजिल पर स्थित खुले कमरे में आग लगी हुई थी। कमरे में लकड़ी का सामान, पुराना वेस्टेज सामग्री तथा अन्य ज्वलनशील वस्तुएं रखी हुई थीं, जिसके कारण आग तेजी से फैलने लगी। सीएफओ प्रदीप चौबे ने बताया कि फायर कर्मियों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और कुछ ही देर में आग को नियंत्रित कर लिया। इसके बाद पूरी तरह शीतलीकरण कर यह सुनिश्चित किया गया कि आग दोबारा न भड़क सके। आग लगने की घटना से आसपास के लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया था, लेकिन दमकल विभाग की तत्परता से स्थिति जल्द सामान्य हो गई। प्राथमिक जांच में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय कमरे में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था और न ही किसी के घायल होने की सूचना है।
लकड़ी व वेस्टेज सामान से भरे खुले कमरे में भड़की आग, मच गया हड़कंप
