विवाहित प्रेमिका और प्रेमी ने खाया जहर, खेत में पड़े मिले शव

विवाहित प्रेमिका और प्रेमी ने खाया जहर, खेत में पड़े मिले शव

सहारनपुर। जिले में रविवार को एक विवाहिता और युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। दोनों के शव गांव से थोड़ी दूर खेत में मिले हैं। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच कुछ समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शरू कर दी है। नागल थाना क्षेत्र के मड़की गांव निवासी नरेंद्र ने अपनी साली की बेटी काजल को गोद लिया था। करीब एक वर्ष पूर्व काजल की शादी देहात कोतवाली क्षेत्र के सुंदलहेड़ी गांव निवासी राजू के साथ की थी। बताया गया है कि शादी के पहले से काजल के अपने रिश्तेदारी में लगने वाले युवक अंकुश से प्रेम संबंध थे। शादी के बाद भी दोनों का मिलना-जुलना जारी था। परिजनों के मुताबिक, कुछ दिन पहले काजल के पति ने दोनों को साथ देख लिया था। इसके बाद काजल को मायके भेज दिया गया था, जहां वह पिछले करीब 10 दिन से रह रही थी। शनिवार को वह अचानक घर से गायब हो गई। उस समय उसके अभिभावक मजदूरी पर गए हुए थे। शाम को घर लौटने पर काजल के नहीं मिलने से परिजन चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू की। नरेंद्र ने नागल थाने पहुंचकर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। परिजनों का आरोप है कि तत्काल मुकदमा दर्ज करने के बजाय उन्हें कुछ समय इंतजार करने की सलाह दी गई। इसी दौरान रविवार को ग्रामीणों ने गांव के बाहर स्थित एक खेत में युवक और युवती के शव पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने उनकी पहचान काजल और अंकुश के रूप में की। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। सीओ द्वितीय मनोज कुमार यादव ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *