राजेश कमल बने कालपी के नए क्षेत्राधिकारी

राजेश कमल बने कालपी के नए क्षेत्राधिकारी

पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह ने सौंपा कालपी सर्किल का दायित्व
रियल मीडिया से राहुल कुमार

उरई। पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह ने जनपद पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण प्रशासनिक आदेश जारी किया है। क्षेत्राधिकारी कालपी अवधेश कुमार सिंह के गैर जनपद स्थानांतरण के बाद नवागंतुक पुलिस उपाधीक्षक राजेश कमल को क्षेत्राधिकारी कालपी एवं क्षेत्राधिकारी लाइन का कार्यभार सौंपा गया है। राजेश कमल हाल ही में जनपद हमीरपुर से स्थानांतरित होकर जालौन आए हैं। पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश के अनुसार उन्हें कालपी सर्किल के साथ-साथ पुलिस लाइन से संबंधित महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। माना जा रहा है कि उनके अनुभव का लाभ जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में मिलेगा। जारी आदेश के तहत राजेश कमल कालपी सर्किल के अंतर्गत आने वाले थाना कालपी, थाना कदौरा, थाना आटा और थाना चुर्खी के कार्यों का पर्यवेक्षण करेंगे। इसके अलावा फायर स्टेशन कालपी की व्यवस्थाओं पर भी उनकी निगरानी रहेगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं की समीक्षा तथा पुलिसिंग को प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी भी उनके कंधों पर होगी। इसके अतिरिक्त उन्हें कई महत्वपूर्ण शाखाओं का पर्यवेक्षण दायित्व भी सौंपा गया है। इनमें अपराध शाखा, एएचटी (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग) थाना, पुलिस लाइन, यूपी-112, जिला नियंत्रण कक्ष, परिवहन शाखा, अंगुष्ठ छाप शाखा, सीसीटीएनएस कार्यालय तथा फील्ड यूनिट शामिल हैं। इन सभी शाखाओं के कार्यों की नियमित समीक्षा, समन्वय और संचालन की जिम्मेदारी अब राजेश कमल निभाएंगे। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह का यह प्रशासनिक निर्णय जनपद में पुलिस व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ही अधिकारी को सर्किल और विभिन्न महत्वपूर्ण शाखाओं का पर्यवेक्षण सौंपे जाने से विभागीय समन्वय में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। जनपद पुलिस प्रशासन का मानना है कि नए क्षेत्राधिकारी राजेश कमल के नेतृत्व में कालपी सर्किल में अपराध नियंत्रण कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा जनता से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण में और अधिक प्रभावशीलता आएगी। पुलिस विभाग ने उम्मीद जताई है कि उनके अनुभव और कार्यशैली का लाभ पूरे सर्किल एवं संबंधित शाखाओं को मिलेगा तथा आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *