जिलाधिकारी के निर्देश पर गैस एजेंसियों की सघन जांचअनियमितताओं पर कड़ी कार्रवाई

हमीरपुर। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देश पर जनपद में आवश्यक वस्तुओं डीजल, पेट्रोल एवं रसोई गैस की सुचारु एवं नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराने तथा जनपद में गैस की पर्याप्त उपलब्धता होने के बावजूद कुछ गैस एजेंसियों द्वारा कृत्रिम अभाव उत्पन्न कर जमाखोरी एवं कालाबाजारी किए जाने की शिकायतों पर प्रशासन द्वारा कार्यवाही व निस्तारण की प्रक्रिया शुरु की गयी है।
इन अनियमितताओं पर अंकुश लगाने हेतु आपूर्ति विभाग द्वारा लगातार जांच एवं छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत 24 अप्रैल को मधुपिया एचपी गैस सर्विस मौदहा के गैस वितरण केंद्र का औचक निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न श्रेणियों के सिलेंडरों के स्टॉक में भारी अंतर पाया गया तथा कुल 571 सिलेंडरों की अनियमितता सामने आई। साथ ही मौके पर सुरक्षा संबंधी आवश्यक अग्निशमन यंत्र भी उपलब्ध नहीं पाए गए।
इन गंभीर अनियमितताओं को संज्ञान में लेते हुए 25 अप्रैल को संबंधित गैस एजेंसी एवं मौके पर जब्त किए गए वाहनों के चालकों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 तथा भारतीय न्याय संहिता के प्रासंगिक प्रावधानों के अंतर्गत प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।
जिलाधिकारी ने जनपद की समस्त गैस एजेंसियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि किसी भी उपभोक्ता को अन्य स्थान पर बुलाकर गैस वितरण न किया जाए तथा निर्धारित मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी एजेंसी द्वारा जमाखोरी, कालाबाजारी या किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गयी है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराएं, ताकि आवश्यक कार्रवाई समय रहते की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *