संवाददाता – राहुल कुमार उरई
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने राजकीय इंटर कॉलेज, उरई में छात्र-छात्राओं को अपने सामने एल्बेंडाजोल की टेबलेट खिलाकर जनपद स्तरीय कृमि मुक्ति अभियान का शुभारंभ किया।
इस दौरान अधिकारियों ने बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव के लिए नियमित स्वच्छता अपनाने तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित दवा का सेवन करने के प्रति जागरूक किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों में कुपोषण, एनीमिया तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास में बाधा का प्रमुख कारण बन सकता है। समय से एल्बेंडाजोल टेबलेट का सेवन कराकर बच्चों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित किया जा सकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से लक्षित आयु वर्ग के सभी बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल टेबलेट का सेवन अनिवार्य रूप से कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र बच्चा दवा से वंचित न रहने पाए।
जिलाधिकारी ने अभियान में लगे सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने एवं अभियान की सतत निगरानी व प्रभावी रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
8.37 लाख टेबलेट उपलब्ध*
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एचएन प्रसाद ने बताया कि जनपद में अभियान के लक्ष्य के अनुरूप सभी ब्लॉकों के पीएचसी/सीएचसी पर 8,37,100 एल्बेंडाजोल टेबलेट उपलब्ध करा दी गई हैं। सरकारी/सहायता प्राप्त/प्राइवेट विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों द्वारा संबंधित ब्लॉक पीएचसी/सीएचसी से दवा प्राप्त कर लक्षित बच्चों को खिलाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि 10 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस तथा छूटे हुए बच्चों को दवा खिलाने के लिए 14 अगस्त 2026 को मॉप-अप दिवस आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
