दवा उपलब्धता की रैंडम जांच, बाहर से दवा खरीदने की नौबत न आए – डीएम
संवाददाता – राहुल कुमार उरई
जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आज राजकीय मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, दवा वितरण काउंटर और इमरजेंसी वार्ड सहित समस्त व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान ओपीडी से दवा लेकर बाहर निकल रही ग्राम भदारी, विकास खंड कोंच निवासी मंजू देवी से जिलाधिकारी ने सीधे संवाद किया और पूछा कि डॉक्टर द्वारा लिखी सभी दवाएं अस्पताल से मिलीं या नहीं। मंजू देवी के “हां” कहने पर डीएम ने उनके साथ जाकर पुरुष एवं महिला दवा वितरण काउंटरों पर रैंडम सत्यापन किया। दोनों जगह पर्चे में लिखी सभी दवाएं उपलब्ध पाई गईं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी मरीज को चिकित्सक द्वारा लिखी गई दवाओं के लिए बाहर न भटकना पड़े। सभी आवश्यक दवाएं अस्पताल से ही उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
त्पश्चात इमरजेंसी वार्ड में भर्ती लगभग 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला एवं पुरुष मरीज का हालचाल लेते हुए डीएम ने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि इनकी देखभाल अपने माता-पिता की तरह करें। उनके खान-पान, दवा और अन्य सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। पूर्ण स्वस्थ होने के बाद ही डिस्चार्ज किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार और संवेदनशील व्यवहार देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
