संवाददाता – राहुल कुमार उरई
हाथों में लहराता तिरंगा, जुबां पर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ का जयघोष, देशभक्ति गीतों से गूंजता वातावरण और सड़क के दोनों ओर उमड़ा नागरिकों का उत्साह। सोमवार को जिला मुख्यालय उरई का नजारा देखते ही बन रहा था। हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली विशाल तिरंगा यात्रा ने पूरे शहर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
पुलिस लाइन परिसर से शुरू हुई इस विशाल तिरंगा यात्रा में सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक घनश्याम अनुरागी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने सहभागिता की।
तिरंगा यात्रा जिला परिषद, अंबेडकर चौराहा और शहीद भगत सिंह चौराहा होते हुए टाउन हॉल पहुंची। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ के गगनभेदी उद्घोष और ‘सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा’ जैसे देशभक्ति गीतों ने वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।
यात्रा में पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, एनसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड, सफाई कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, छात्र-छात्राएं सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मार्ग में शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का आत्मीय स्वागत किया।
विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय के गौरव का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।
विधायक मूलचंद निरंजन ने कहा कि तिरंगे के सम्मान का अर्थ स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का सम्मान करना है।
विधायक विनोद चतुर्वेदी ने सभी नागरिकों से 15 अगस्त को उत्साहपूर्वक मनाने की अपील की।
जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी ने घर-घर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य नई पीढ़ी को आजादी के संघर्ष और बलिदान से अवगत कराना है। उन्होंने जनपदवासियों से 15 अगस्त तक घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी राजीव राज, अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस लाइन से टाउन हॉल तक निकली इस यात्रा ने जालौन की धरती पर देशभक्ति की ऐसी छटा बिखेरी कि पूरा शहर तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया।
