जिलाधिकारी ने बाल विकास एवं पोषण से जुड़ी योजनाओं पर की समीक्षा बैठक

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिला पोषण समिति/कन्वर्जेन्स विभाग की समीक्षा बैठक कर बाल विकास एवं पोषण से जुड़ी योजनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण लाभ सुनिश्चित किया जाए। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा पोषण ट्रैकर पर फीडिंग, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, एनआरसी में बच्चों का संदर्भन, आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए, ताकि लक्षित लाभार्थियों को समय पर लाभ मिल सके। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जिन क्षेत्रों में कुपोषण के मामले अधिक हैं, वहां विशेष अभियान चलाए जाएं।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और उन्हें गुणवत्तापूर्ण पोषण आहार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच एवं टीकाकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने विभागों की योजनाओं की प्रगति की नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर व्यक्ति तक पोषण संबंधी सुविधाएं पहुंचे और जनपद को कुपोषण मुक्त बनाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *