ग्राम पहाड़पुरा पहुंचे जिलाधिकारी ग्रामीणों की मांग पर विकास को मिली नहीं रफ्तार

तालाबों के सौंदर्यीकरण, पानी की टंकी तक सड़क निर्माण एवं ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा देने के दिए निर्देश

रियल मीडिया न्यूज
उरई।जालौन के ग्राम पहाड़पुरा के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं विकास संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने गांव में स्थित दो बड़े तालाबों के सौंदर्यीकरण तथा पेयजल टंकी तक पहुंचने के लिए संपर्क मार्ग के निर्माण की मांग जिलाधिकारी के समक्ष रखी। ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि गांव के दोनों तालाबों का वीबीजी राम जी योजना के अंतर्गत सौंदर्यीकरण कराए जाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही पेयजल टंकी तक पहुंचने के लिए संपर्क मार्ग निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र स्वीकृति हेतु भेजा जाए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से पंचायत भवन के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही जनसेवाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने पूछा कि जन्म प्रमाण-पत्र, मृत्यु प्रमाण-पत्र सहित अन्य शासकीय सेवाएं समयबद्ध रूप से मिल रही हैं या नहीं। इस पर ग्रामीणों ने एक स्वर में बताया कि पंचायत भवन के माध्यम से अधिकांश छोटे-बड़े कार्य आसानी से संपन्न हो रहे हैं तथा उन्हें आवश्यक सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो रही हैं।जिलाधिकारी ने ग्राम स्थित बहुउद्देशीय सहकारी समिति का भी निरीक्षण किया। परिसर में पर्याप्त खाली स्थान उपलब्ध होने पर उन्होंने वहां नियमित साप्ताहिक बाजार संचालित किए जाने की संभावनाओं पर कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही समिति परिसर में बंद पड़ी दुकानों का नियमानुसार आवंटन कर छोटे उद्यमियों एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, स्थानीय रोजगार के अवसरों का सृजन तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, एआर कोऑपरेटिव शिव कुमार ग्रामीण जन मौजूद रहे। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडे ने सहकारी समिति का किया औचक निरीक्षक, उर्वरक वितरण व्यवस्था संतोषजनक मिली।
बहुद्देश्यीय सहकारी समिति कुकुरगांव एवं पहाड़पुरा में उर्वरक स्टॉक और वितरण व्यवस्था का लिया जायजा, पर्याप्त खाद उपलब्ध रखने के दिए निर्देश
जालौन में किसानों को समय पर एवं सुगमता से उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बहुद्देश्यीय सहकारी समिति कुकुरगांव एवं पहाड़पुरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उर्वरक भंडारण, वितरण व्यवस्था तथा अभिलेखों का गहन निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने समिति परिसर में मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर खाद वितरण की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने किसानों से पूछा कि खाद प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई तो नहीं हो रही है। इस पर किसानों ने बताया कि उन्हें जोत के अनुसार बिना किसी परेशानी के खाद उपलब्ध कराई जा रही है तथा वितरण व्यवस्था पूरी तरह सुचारु है। एक किसान ने बताया कि वह स्वयं ई-रिक्शा से खाद लेकर जा रहा है, जिससे यह स्पष्ट है कि वितरण प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्टॉक रजिस्टर एवं वितरण रजिस्टर का अवलोकन किया। अभिलेखों में उपलब्ध स्टॉक का मौके पर भौतिक सत्यापन कराया, जो सही पाया गया। समिति में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध मिला तथा किसानों को निर्धारित मानकों के अनुसार खाद वितरित की जा रही थी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी स्थिति में उर्वरकों की कमी का सामना न करना पड़े। सभी समितियों पर पर्याप्त स्टॉक बनाए रखा जाए तथा खाद वितरण पूरी पारदर्शिता, निर्धारित मानकों एवं शासन के निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, एआर कोऑपरेटिव शिव कुमार आदि सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *