रियलमीडियान्यूज
हमीरपुर। युवकों के बीच मारपीट का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें कुछ युवक फरसा, तलवार और डंडा लिए हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि एक युवक जमीन पर गिरा हुआ है जो घायल है। इसके बाद भी उसकी पिटाई की जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
वीडियो की पड़ताल में पता चला कि यह सदर कोतवाली क्षेत्र के केसरिया का डेरा इलाके का मामला है। यहां देवी प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान कुछ युवक फरसा, डंडा और तलवार लेकर एक-दूसरे पर हमला करने लगे। हमले में एक युवक को तलवार लगने से चोट आई है। घायल युवक अजीत ने बताया कि शनिवार शाम विसर्जन के दौरान दो युवक आपस में झगड़ रहे थे। वह और उसके साथी बीच-बचाव करने पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर ही हमला कर दिया। इसी दौरान एक युवक ने तलवार से वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। अजीत के अनसार हमलावर केसरिया का डेरा के ही रहने वाले हैं, जिनके खिलाफ पुलिस को आज तहरीर दी गई है।
मारपीट का वीडियो सामने आने और तहरीर मिलने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल अभी तक पुलिस को तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, कि झगड़ा क्यों हुआ और हमलावर कौन थे।
देवी विसर्जन के दौरान मारपीट का वीडियो वायरल,तलवार-फरसे से किया हमला, गहरा घाव होने से युवक की हालत गंभीर
