राम मंदिर चढ़ावा विवाद: कागभुसुंडी की भी प्रतिमा गायब होने के आरोप पर सेवादार ने बनाया वीडियो, बताई हकीकत

राम मंदिर चढ़ावा विवाद

अयोध्या । रामनगरी अयोध्या स्थित राम मंदिर से जुड़े विवादों के बीच कागभुसुंडी जी की चांदी की प्रतिमा को लेकर लगाए गए आरोपों पर नया मोड़ आ गया है। कारसेवकपुरम के एक सेवादार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वह दावा कर रहा है कि कागभुसुंडी चांदी की जिस प्रतिमा को लेकर चोरी या गायब होने के आरोप लगाए गए थे, उसकी आज भी कारसेवकपुरम में नियमित रूप से पूजा-अर्चना की जाती है। वीडियो में सेवादार प्रतिमा को दिखाते हुए कह रहा है कि कागभुसुंडी जी सुरक्षित हैं। प्रतिदिन विधि-विधान से उनकी पूजा होती है। उसका कहना है कि बिना पूरी जानकारी और सत्यता जाने कुछ लोगों ने अनावश्यक आरोप लगा दिए। इससे भ्रम की स्थिति पैदा हुई। सेवादार ने वीडियो में यह भी कहा कि दान का वास्तविक फल श्रद्धा और समर्पण में निहित होता है। उसके अनुसार, जिस महिला ने प्रतिमा दान की थी, उसने बाद में यह सवाल उठाया कि उसकी दी हुई प्रतिमा कहां है? सेवादार का दावा है कि दान करने के बाद यदि व्यक्ति बार-बार अपने दान का हिसाब मांगता है तो दान का आध्यात्मिक महत्व प्रभावित होता है। हालांकि, यह उसका व्यक्तिगत धार्मिक दृष्टिकोण है। उल्लेखनीय है कि कुछ समय पूर्व एक महिला द्वारा यह आरोप लगाया गया था कि उसके द्वारा दान की गई चांदी की कागभुसुंडी प्रतिमा का कोई पता नहीं है। आरोप सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आया था। अब वायरल वीडियो के जरिए प्रतिमा के करसेवकपुरम में सुरक्षित होने और नियमित पूजा होने का दावा किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *