रियल मीडिया नेटवर्क
संवाददाता – राहुल कुमार उरई(जालौन)
आमजन को शुद्ध और सुरक्षित दूध उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कालपी में बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर विभाग की टीम ने शनिवार को 4 अलग-अलग स्थानों से दूध विक्रेताओं के यहां छापेमारी की।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में स्थित 4 दूध विक्रेताओं से दूध के नमूने भरे। सभी सैंपल को सील कर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दूध में मिलावट है या नहीं। यदि रिपोर्ट में गड़बड़ी पाई जाती है तो दोषी विक्रेताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह अभियान आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाया गया। गर्मी के मौसम में दूध और दूध से बने पदार्थों में मिलावट की शिकायतें बढ़ जाती हैं, इसलिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है।
खाद्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मिलावट की आशंका होने पर तुरंत विभाग को सूचित करें।
